मोदी के जन्मदिन पर देश विदेश से बधाई, शुभकामनाओं का तांता, देश भर में कार्यक्रमों के आयोजन

नयी दिल्ली 17 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बुधवार को देश विदेश के राजनेताओं, समाज के विभिन्न क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और उनके शुभचिंतकों की ओर से बधाईयों और शुभकामनाओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सेवा पखवाड़े की शुरुआत की तथा पार्टी के कार्यकताओं ने देश भर में रक्तदान, स्वच्छता अभियान और जन सम्पर्क के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया।

केंद्रीय शहरी विकास एवं जल शक्ति मंत्रालय ने आज से गांधी जयंती तक स्वच्छता उत्सव शुरू किया है। सरकारी विभागों ने इस दौरान कार्यालयों में पड़े इलेक्ट्रािक कचरे के नियमानुसार निस्तारण के साथ-साथ शिकायतों के निपटान, अनावश्यक फाइलों और सामानों की नीलामी कर जगह खाली करने का कार्यक्रम चलाया है।

श्री मोदी दिन में मध्य प्रदेश के दौरे पर थे । उन्होंने वहां धार में सूती कपड़ा इकाइयों की स्थापना के लिए पीएम मित्र पार्क की आधारशिला रखी महिला कल्याण के लिए ‘स्वस्थ नारी , सश्क्त परिवार’ और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम को वीडिया लिंक के जरिये देश भर में देखा गया।

विदेश से श्री मोदी को बधाई देने वालों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन , इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वान डेर लियेन , आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस और अन्य देशों के नेता शामिल हैं। इन नेताओं ने भारत के साथ सहयोग संबंध को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता प्रकट की है। श्री मोदी ने उनका आभार व्यक्त करते हुए द्विपक्षी संबंधों की मजबूती के लिए मिल कर काम करने की भारत की इच्छा दोहरायी है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्री मोदी के नाम अपने संदेश में कहा,”भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है। आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को उनके जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। अपने दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा अथक परिश्रम से मोदी जी ने भारत को नयी ऊर्जा और नयी दिशा दी है। उन्होंने भारत का सामर्थ्य और सम्मान, पूरे विश्व पटल पर बढ़ाया है। विकसित भारत के संकल्प के साथ मोदी जी देश को आत्मनिर्भरता, विकास और समृद्धि की दृष्टि से मजबूती दे रहे हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर ऊर्जा प्राप्त हो ताकि वह भारत को नयी ऊंचाइयों तक पहुँचाने में लगातार सफल सिद्ध हों।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ” समस्याओं को दूरदृष्टि से देखना और उनका पूरी निष्ठा से समाधान करना मोदी जी के व्यक्तित्व की खासियत है। पूरा विश्व उन्हें प्रॉब्लम-सॉल्विंग लीडर मानता है। युद्धों, तनावों और ग्लोबल लॉबी के दौर में मोदी जी पूरी दुनिया के सामने संवाद-सेतु बनकर उभरे हैं। इसी कारण दुनिया के 27 देशों ने विश्व-मित्र मोदी जी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। यह उनकी वैश्विक लीडरशिप का द्योतक है।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा “विकसित भारत के पथप्रदर्शक, हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की कोटि-कोटि शुभकामनाएँ। आपका जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना, अंत्योदय के संकल्प और आत्मनिर्भर भारत के विराट लक्ष्य की जीवंत अभिव्यक्ति है। आपने उन करोड़ों वंचित और उपेक्षित लोगों को आशा, सम्मान और अवसर दिया है, जो लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे। आज भारत आपके नेतृत्व में विश्व की सबसे तीव्र गति से उभरती हुई अर्थव्यवस्था और सशक्त लोकतंत्र के रूप में नयी ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। आपके अथक परिश्रम, अद्वितीय नेतृत्व और दूरदर्शी मार्गदर्शन ने प्रत्येक भारतीय के आत्मविश्वास और आत्मगौरव को अभूतपूर्व शक्ति प्रदान की है।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने श्री मोदी को आज जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके स्वस्थ रहने और दीर्घायु होने की शुभकामनायें दी हैं।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनायें। उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मुकेश अंबानी ने श्री मोदी को ”भगवान द्वारा भेजा गया अवतार पुरुष” बताया और कहा , “यह महज संयोग नहीं है कि उनका अमृत महोत्सव (75 साल का होना) देश के अमृतकाल में हुआ है। श्री मोदी एक ऐसे नेता हैं जो देश और देशवासियों के बेहतर भविष्य के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पहले गुजरात को आर्थिक शक्तिकेंद्र बनाया और अब पूरे देश को वैश्विक महाशक्ति बना रहे हैं। तीन दशक से अधिक समय से श्री मोदी को करीब से जानना उनके लिए सौभाग्य की बात है। वह देश की आजादी को 100 साल पूरे होने तक पद पर बने रहें।”

फतेहपुर सीकरी स्थित दरगाह हजरत शेख सलीम चिश्ती के सज्जादा नशीन पीरजादा अरशद फ़रीदी ने श्री मोदी के जन्मदिन पर अपने एक लेख में कहा , “सूफ़ीवाद का दर्शन न केवल मनुष्यों के बीच आध्यात्मिक दूरियों को कम करता है, बल्कि राष्ट्रों के बीच की दूरियों को भी मिटाता है। जिस खुलेपन के साथ श्री मोदी ने हाल ही में इस दर्शन की भारत की प्राचीन मान्यता ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ (विश्व एक परिवार है) के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता का उल्लेख किया, वह अद्वितीय है।श्री मोदी का महत्व इस मायने में और भी बढ़ जाता है कि वह हमारे देश के पहले लोकतांत्रिक शासक हैं, जिन्होंने संघर्षग्रस्त विश्व को शांति और सद्भाव के महत्व का एहसास कराया है।”

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने श्री मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘नमो अमृत महा स्वास्थ्य शिविर’ पहुंच कर दिव्यांगों को साधन सहायता किट का वितरण किया। नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवायें प्रदान करने के मुख्य उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में विभिन्न प्रकार के मेडिकल हेल्थ चेक-अप तथा उपचार की सुविधायें उपलब्ध थीं। इनमें टीबी के लिए निःशुल्क स्क्रीनिंग, टेस्ट और एकीकृत उपचार, टीबी प्रभावित परिवारों के लिए पौष्टिक किट का वितरण, एनीमिया एवं सिकलसेल के लिए स्क्रीनिंग तथा मार्गदर्शन, स्तन एवं गर्भाशय के कैंसर की जांच, सामान्य स्वास्थ्य जांच और आवश्यक दवाइयों का वितरण शामिल हैं।

श्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर महाराष्ट्र में अमरावती के अंबादेवी मंदिर में 75 दीपों की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। सांसद डॉ. अनिल बोंडे के नेतृत्व में प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए एक भक्तिमय समारोह में 75 दीप प्रज्ज्वलित किये गये। इस दौरान मंदिर परिसर “जय अंबादेवी” और “भारत माता की जय” के जयकारों से भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

तिब्बत के धार्मिक गुरु दलाई लामा ने श्री मोदी को बधाई और शुभकामनाएं देते हुये कहा, “आने वाला वर्ष उनके लिए स्वास्थ्य, खुशियों और भारत को आगे ले जाने की शक्ति से भरपूर हो।सबसे लंबे समय तक भारत में रहने वाले अतिथि के रूप में, मैंने पिछले कुछ वर्षों में हुए दूरगामी विकास और समृद्धि को प्रत्यक्ष रूप से देखा है। मैं आपको हाल के दिनों में आपके बढ़ते आत्मविश्वास और शक्ति के लिए बधाई देता हूं। भारत की सफलता वैश्विक विकास में भी योगदान देती है।”

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर प्रदेश में ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। यह कार्यक्रम आज से दो अक्टूबर तक आयोजित होंगे। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम होंगे। इनमें रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, ‘नमो वन’ के तहत पौधारोपण अभियान और अन्य सामाजिक गतिविधियाँ शामिल हैं। प्रत्येक नमो वन में 75 पौधे लगाए जाएंगे, वहीं हर रक्तदान शिविर में 75 लोग रक्तदान करेंगे। इन कार्यक्रमों से समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूती मिलेगी।

श्री मोदी के जन्मदिन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को झाड़ू लगाकर ‘स्वच्छ उत्सव-2025’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्री धामी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान के तहत झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और सभी प्रदेशवासियों से स्वच्छता की मुहिम से जुड़ने की अपील की।

इस मौके पर उत्तराखंड में चारों धामों के साथ ही प्रमुख तीर्थ स्थलों पर विशेष पूजा अर्चना की गयी, जहां तीर्थ पुरोहितों ने श्री मोदी के स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए भगवान से प्रार्थना की। बदरीनाथ धाम में श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) पदाधिकारियों की मौजूदगी में हवन और केदारनाथ में रुद्राभिषेक किया गया। केदारनाथ धाम में तीर्थ पुरोहितो ने महारुद्राभिषेक का आयोजन कर बाबा केदार से प्रार्थना की। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी तीर्थ पुरोहितों ने श्री मोदी के जन्मदिवस पर उनके लिए विशेष पूजा अर्चना सम्पन्न की। जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और तीर्थ यात्रियों ने भाग लिया।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने श्री मोदी के जन्मदिन पर अपने संदेश में कहा “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर, हम पूरे ओडिशा में 75 लाख पेड़ लगाकर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान चला रहे हैं। यह ओडिशा के लोगों की ओर से हमारे प्रधानमंत्री को एक विशेष उपहार है। प्रत्येक पेड़ मोदी जी के ओडिशा के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है, साथ ही धरती माता की रक्षा के हमारे संकल्प को भी दर्शाता है। आइए हम एक पेड़ लगाएं और एक स्वस्थ और समृद्ध ओडिशा के निर्माण में भागीदार बनें।”

तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और फिल्म अभिनेता रजनीकांत सहित कई मशहूर हस्तियों ने श्री मोदी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने श्री मोदी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की ओर कहा , “विकसित भारत का श्री मोदी का संकल्प भारत को फिर से विश्व गुरु के रूप में स्थापित करेगा।” समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं लोक सभा सदस्य अखिलेश यादव ने भी प्रधानमंत्री को जन्म दिन की बधाई और शुभकामनायें दी है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, “आज सृजन के प्रणेता भगवान विश्वकर्मा की आराधना का दिवस है और आज ही श्री मोदी का जन्मदिवस भी है। श्री मोदी देश एवं नागरिकों के उत्थान के लिए पूरी निष्ठा के साथ बिना रूके, बिना थके लगातार परिश्रम कर रहे हैं।”

बिहार के दरभंगा में श्री मोदी का जन्मदिवस खास अंदाज में मनाया गया। राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय कुमार सरावगी ने शास्त्री चौक स्थित अपने आवास पर 75 किलो का विशाल लड्डू वाला केक काटा तथा उनकी तस्वीर के सामने सांकेतिक रूप से केक खिलाकर उनके दीर्घायु होने की कामना की गयी। इस मौके पर पूरे परिसर में नरेंद्र मोदी जुग-जुग जियो’ के नारे गूंजते रहे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री मोदी को उनके जन्मदिवस पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा , “एक सौ चालीस करोड़ भारतीयों की आशाओं-आकांक्षाओं के संवाहक, वैश्विक मंच पर ‘नए भारत’ को अग्रिम पंक्ति में प्रतिष्ठित करने वाले, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, हम सभी के मार्गदर्शक, ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।”

संगम नगरी प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर धाम में इस मौके पर हवन अनुष्ठान का आयोजन किया गया। श्रृंगवेरपुर पीठाधीश्वर जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी शांडिल्य जी महाराज ने श्री मोदी के जन्मदिन पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन अनुष्ठान किया है। वैदिक ब्राह्मणों ने हवन कुंड में आहूतियां डालकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की है।

धार्मिक नगरी काशी में प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर नमामि गंगे के सदस्यों ने उनकी दीर्घायु के लिए मां गंगा की आरती की और उनकी तस्वीर के साथ प्रतीकात्मक रूप से सामने घाट पर 75 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की। इस अवसर पर गंगा तट की सफाई कर प्रधानमंत्री के स्वच्छता को संस्कार के रूप में अपनाने के आह्वान को दोहराया गया। कचहरी स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर चौराहे से कचहरी चौराहे तक स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही रक्तदान शिविरों का आयोजन तथा वृद्धाश्रम और अनाथालयों में फल वितरण भी किया गया।

वाराणसी में भेलूपुर स्थित जलकल कार्यालय में महापौर अशोक कुमार तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने 75 किलोग्राम का केक काटा। इस मौके पर नगर निगम की ओर से 130 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया।

Next Post

नाबार्ड की बैठक में दिल्ली राज्य सहकारी बैंक के आधुनिकीकरण पर जोर

Wed Sep 17 , 2025
नयी दिल्ली, 17 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा आयोजित एक बैठक में दिल्ली राज्य सहकारी बैंक के आधुनिकीकरण और व्यवसाय में विविधता लाने पर जोर दिया गया। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए दिल्ली की अल्पावधि सहकारी ऋण संस्थाओं पर उच्च स्तरीय समिति (एचएलसी) की पहली […]

You May Like