सीहोर। जिले के रेहटी थाना क्षेत्र के अनाज व्यापारी से गुजरात के अनाज ब्रोकर बनकर मिले दो युवकों ने मक्का खरीदा और बकायदा उसका भुगतान किया. इस दौरान कई बार वह व्यापारी से मक्के से लदे ट्रक मंगवाते रहे और भुगतान करते रहे. इस दौरान उन्होंने इतना विश्वास जमा लिया कि व्यापारी बेहिचक माल भेजता रहा. इसके बाद दोनों तथाकथित ब्रोकर ने लगभग 18 ट्रक मक्का बुलवाया और भुगतान नहीं किया. काफी इंतजार के बाद जब व्यापारी को सवा करोड़ रुपए का भुगतान नहीं मिला तो उसने पुलिस की शरण ली. मामले में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लाई है.
प्रापत जानकारी अनुसार रेहटी के अनाज व्यापारी पंकज चंद्रवंशी से कुछ दिन पूर्व दो लोग गुजरात के ब्रोकर बनकर मिले थे. मनाज उर्फ विनोद कलवानी तथा मनोज शर्मा नामक इन ब्रोकरों ने अनाज व्यापारी पंकज चंद्रवंशी से मक्का खरीदा जिसे उन्होंने अहमदाबाद के समीप मातरखेड़ा में बुलवाया. मक्का मिलने के बाद ब्रोकरों ने समय पर भुगतान कर दिया. इसके बाद वह लगातार मक्का मंगवाते रहे और भुगतान करते रहे. कई बार तो उन्होंने तय माल से अधिक का भी भुगतान कर दिया. इससे अनाज व्यापारी पंकज चंद्रवंशी का उन पर विश्वास जम गया. फिर इन दोनों ब्रेकरों ने खेल दिखाते हुए सवा करोड़ रुपए कीमत की लगभग 6 हजार 500 क्विंटल मक्का मंगवाई. लगभग 18 गाडिय़ों से गुजरात पहुंची मक्का उतारने के बाद दोनों ब्रोकरों ने शीघ्र ही भुगतान करने का आश्वासन दिया. पंकज चंद्रवंशी ने कुछ दिन बाद मक्के का भुगतान मांगा तो टालमटोल करने लगे. बाद में उन्होंंने पंकज के कॉल अटेंड करना ही बंद कर दिया. इससे पंकज को शक हुआ. उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी दास्तान सुनाई. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी थी. बताया जाता है कि पुलिस ने मनोज उर्फ विनोद कलवानी और मनोज शर्मा को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें अपने साथ रेहटी थाना लेकर आई है. थाना प्रभारी राजेश कहारे ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड मांगा गया है ताकि मामले में विस्तृत पूछताछ की जा सके.
