युद्धविराम शुरू होने के बाद से लेबनान में 23 बच्चे मारे गए, 93 घायल : यूनिसेफ

न्यूयॉर्क 14 मई (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने कहा है कि 17 अप्रैल से लागू युद्धविराम के बाद से लेबनान में कम से कम 23 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि 93 बच्चे घायल हुए हैं। यूनिसेफ ने बुधवार को जारी बयान में कहा, “स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सीजफायर शुरू होने के बाद से अब तक कम से कम 23 बच्चे मारे गए और 93 घायल हुए हैं। दो मार्च से अब तक कुल 200 बच्चों की मौत और 806 बच्चे घायल हुए हैं, यानी औसतन हर दिन लगभग 14 बच्चे मारे गए या फिर घायल हुए हैं।” बयान में यह भी कहा गया कि पिछले सात दिनों में ही लेबनान में हमलों में मारे गये और घायल बच्चों की संख्या 59 पहुंच गयी हैं। मंगलवार सुबह बेरूत के दक्षिण में एक कार पर हुए हमले में दो बच्चों और उनकी मां की मौत हुई है।

संगठन ने कहा कि लगातार हो रहे हमले और हिंसा बच्चों के मानसिक तनाव को और बढ़ा रहे हैं। यूनिसेफ के अनुमान के मुताबिक, “लगभग 7.7 लाख बच्चे बार-बार हिंसा, नुकसान और विस्थापन का सामना करने के कारण गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं।” आधिकारिक तौर पर लेबनान और इजरायल के बीच युद्धविराम लागू है लेकिन इसके बावजूद इजरायल के विमान और तोपखाना रोजाना लेबनान के इलाकों पर हमले कर रहे हैं। वहीं, लेबनानी संगठन हिज्बुल्लाह सीमा क्षेत्र में इजरायली सैनिकों पर जवाबी हमले कर रहा है। इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) नियमित रूप से हिज्बुल्लाह पर युद्धविराम उल्लंघन का आरोप लगाती रही है।

Next Post

वैश्विक कोरोना मौतों का आंकड़ा आधिकारिक संख्या से तीन गुना अधिक : डब्ल्यूएचओ

Thu May 14 , 2026
जिनेवा, 14 मई (स्पूतनिक/वार्ता) विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि कोविड-19 महामारी से दुनिया भर में मौतों की वास्तविक संख्या 2.2 करोड़ से अधिक पहुंच गई है, जो आधिकारिक तौर पर दर्ज 70 लाख मौतों से करीब तीन गुना ज्यादा है। डब्ल्यूएचओ की बुधवार को जारी “वर्ल्ड हेल्थ […]

You May Like