भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में सेवा प्रकल्प के शुभारंभ अवसर पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए सेवा भावना को संगठन की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सेवा और समर्पण के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास है।
सीएम ने बताया कि आज अंबेडकर जयंती के साथ ही सेन महाराज की जयंती भी है, इसके अवसर पर प्रदेश की चिकित्सा प्रकोष्ठ इकाई ने दायित्व ग्रहण करते हुए सेवा कार्यों की शुरुआत की है। इस मौके पर उन्होंने डॉ. विशाल को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उनके सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता भाई-बहनों के साथ मिलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सत्तारूढ़ दल होने के नाते सरकार और संगठन मिलकर आम जनता तक योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करेंगे।
