कलेक्टर ने किया नगर पालिका क्षेत्र सीधी का निरीक्षण 

सीधी । कलेक्टर विकास मिश्रा ने नगर पालिका सीधी के वार्ड क्रमांक 12 का निरीक्षण कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के चयन हेतु प्रभावी सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से एससी, एसटी एवं बीपीएल परिवारों को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि विभिन्न गतिविधियों में संलग्न महिलाओं की पहचान कर उन्हें संस्थागत रोजगार से जोड़ा जाए। साथ ही “सर्विसेज ऑन व्हील्स” जैसी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, जिसमें विभिन्न सेवाएं उचित दरों पर उपलब्ध कराई जाएं और इसका संचालन नगर पालिका द्वारा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पूर्व से स्थापित हैंडपंपों के आसपास सोक पिट निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता बनी रहे, जलभराव की समस्या समाप्त हो तथा भूजल स्तर को बनाए रखने में सहायता मिल सके।

उन्होंने विधवा पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पिछले तीन महीनों में विधवा हुई महिलाओं का सर्वे कर पात्रता अनुसार सभी प्रकरणों को शीघ्र स्वीकृत किया जाए, जिससे उन्हें समय पर आर्थिक सहायता मिल सके। कलेक्टर ने आवारा पशुओं की समस्या पर भी गंभीरता से ध्यान देते हुए कांजी हाउस को सुदृढ़ करने एवं प्रभावी नियंत्रण व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे डॉग बाइट जैसी घटनाओं में कमी लाई जा सकेगी। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने वार्ड 12 सहित सभी वार्डों में निजी खाली प्लॉटों को चिन्हित कर उनके स्वामियों को कचरा प्रबंधन एवं बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे आवासीय क्षेत्रों में स्वच्छता बनी रहेगी और बीमारियों की रोकथाम संभव हो सकेगी। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रिया पाठक सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

सीहोर में गर्मी का तांडव: जावर के जंगलों में भीषण आग, सैकड़ों कीमती पेड़ जलकर खाक

Tue Apr 14 , 2026
सीहोर। जिले में तापमान बढ़ते ही जंगलों में आग लगने की घटनाएं फिर से सामने आने लगी हैं। सोमवार देर रात जावर क्षेत्र के जंगलों में भीषण आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि सैकड़ों कीमती पेड़ इसकी चपेट […]

You May Like

मनोरंजन