सम्राट का बिहार के मुख्यमंत्री पद के लिए चुना जाना भाजपा के लिए “ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण”: शिवराज सिंह

पटना, 14 अप्रैल (वार्ता) केंद्रीय कृषि मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने बिहार में सम्राट चौधरी के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए “ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण” है

श्री चौहान ने श्री चौधरी और भाजपा विधायकों को बधाई देते हुए आज संवाददाताओं से कहा कि इस क्षण का आना पार्टी कार्यकर्ताओं के दशकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं जैसे कैलाशपति मिश्रा और सुशील कुमार मोदी को याद करते हुए कहा कि “अनगिनत कार्यकर्ताओं का सपना और संकल्प आज पूरा हो रहा है।”

केंद्रीय मंत्री ने इस परिवर्तन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लगभग 20 वर्षों तक राज्य की सेवा की। उन्होंने कुमार को “स्वच्छ, ईमानदार और नैतिक राजनीति का प्रतीक” बताते हुए कहा कि बिहार के शासन और प्रशासन में सकरात्मक बदलाव का श्रेय उन्ही को जाता है।

श्री चौहान ने अतीत को याद करते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के दौर में बिहार को कानून-व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा था, जिसे बाद में श्री कुमार के नेतृत्व में सुधारा गया। उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने आधारभूत संरचना, प्रशासन और कानून व्यवस्था में सुधार ने राज्य की छवि बदल दी है।

केंद्रीय मंत्री ने श्री कुमार के कार्यकाल से जुड़ी कई पहलों का उल्लेख किया, जिनमें साइकिल योजना के माध्यम से बालिका शिक्षा को बढ़ावा, शराबबंदी नीति और स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण शामिल है। उन्होंने जीविका आजीविका पहल और बिहार के कृषि रोडमैप को भी अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायक मॉडल बताया।

श्री चौहान ने विश्वास जताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और श्री कुमार के मार्गदर्शन में नये मुख्यमंत्री श्री चौधरी बिहार को “तेजी और प्रतिबद्धता के साथ नई ऊंचाइयों” पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का बिहार के विकास पर विशेष ध्यान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री चौधरी के नेतृत्व में बिहार में विकास का एक नया अध्याय लिखा जाएगा।

 

 

 

Next Post

रविशंकर प्रसाद ने सम्राट चौधरी को राजग विधानमंडल दल के नेता चुने जाने पर बधाई दी

Tue Apr 14 , 2026
पटना, 14 अप्रैल (वार्ता) पूर्व केन्द्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रवि शंकर प्रसाद ने सम्राट चौधरी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधानमंडल दल के नेता चुने जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। ‎पटना साहिब सांसद श्री प्रसाद ने बिहार भाजपा विधानमंडल दल के नेता निर्वाचित होने […]

You May Like