नागपुर | डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए हजरत निजामुद्दीन-बेंगलुरु राजधानी एक्सप्रेस से भारी मात्रा में कोकीन जब्त की है। खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए, डीआरआई की नागपुर यूनिट ने ट्रेन में सवार एक संदिग्ध महिला को नागपुर स्टेशन पर रोका। जांच के दौरान महिला के पास से 853 ग्राम कोकीन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 4.26 करोड़ रुपये आंकी गई है।
तस्करी के लिए अपनाए गए तरीके ने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। जांच में महिला के सामान से शैम्पू की दो बोतलें मिलीं, जो असामान्य रूप से भारी थीं। जब उन्हें खोला गया, तो अंदर लिक्विड के बीच पीले रंग के 50 सीलबंद कैप्सूल छिपे हुए मिले। हर कैप्सूल में शुद्ध कोकीन पाउडर भरा हुआ था। शुरुआती परीक्षण में नशीले पदार्थ की पुष्टि होते ही अधिकारियों ने खेप को जब्त कर लिया और महिला को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिला को नागपुर की हॉलिडे कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। डीआरआई अब इस नेटवर्क के मुख्य सरगना और तस्करी के सोर्स का पता लगाने में जुटी है। हाल के दिनों में नागपुर टीम ने वर्धा, भिलाई और अमरावती जैसे क्षेत्रों में बड़े ऑपरेशन चलाकर नशा माफियाओं की कमर तोड़ दी है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

