इंदौर: शहर में गुरुवार शाम अगवा किए गए दो नाबालिग बच्चों को पुलिस ने देर रात सुरक्षित बरामद कर लिया. आरोपियों ने वीडियो कॉल कर 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी और वारदात में चार लोग शामिल पाए गए थेगुरुवार शाम तिरुपति गार्डन में खेल रहे दो बच्चे अचानक लापता हो गए. परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसी दौरान एक महिला ने वीडियो कॉल कर 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी और फोन बंद कर दिया.
सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के थानों की टीमों को अलर्ट कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक युवती बच्चों को अपने साथ ले जाते हुए नजर आई. इसी आधार पर उसका रूट ट्रेस किया और जिस मोबाइल नंबर से कॉल आया था, उसे सर्विलांस पर लिया. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से पुलिस देर रात राजेंद्र नगर क्षेत्र के दत्त नगर स्थित एक बिल्डिंग तक पहुंची. यहां घेराबंदी कर कार्रवाई की गई.
पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन सभी को मौके पर ही पकड़ लिया. बिल्डिंग के अंदर से दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया है. जांच में सामने आया कि आरोपी आपस में वॉट्सएप के जरिए संपर्क में थे और उसी नंबर से कॉल कर फिरौती मांगी गई थी. पूछताछ में पता चला कि आरोपियों में भाई बहन और एक दंपती शामिल हैं. जो बच्चों को बहला फुसलाकर पक्षी और जानवर दिखाने के बहाने ले गए थे. दोनों बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं. इस मामले में पुलिस शाम को प्रेस कॉफ्रेंस में बड़ा खुलासा करेंगी.
