सीहोर। बीती रात थाना कोतवाली अंतर्गत स्टेट हाईवे स्थित बिलकीसगंज जोड़ के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक की क्रेटा कार से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार पांच युवक गंभीर घायल हो गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस द्वारा सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया. जहां से तीन युवकों को अधिक चोट आने पर प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया. पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.
जानकारी के अनुसार बीती रात लगभग 11.30 बजे थाना कोतवाली अंतर्गत आने वाले बिलकीसगंज चौराहा के समीप तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी 09 जीजी 4746 के चालक ने क्रेटा कार क्रमांक एमपी 04 सीएस 0804 को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार सुधीर पिता संतोष कुमार निवासी रनायल, देवेंद्र पिता अर्जुन सिंह निवासी रनायल, कार चालक अमन उर्फ मनोज पिता बाबू दास बैरागी निवासी गल्ला मंडी, शुभम पिता प्रताप सिंह प्रजापति निवासी अतरालिया और अनु उफऱ् अनिल खत्री पिता गोकुल प्रसाद निवासी गल्ला मंडी गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं हादसे में कार चकनाचूर हो गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से शुभम प्रजापति, अमन बैरागी और सुधीर को भोपाल रेफर किया गया है, जबकि अन्नू खत्री एवं देवेंद्र खत्री का अस्पताल में उपचार जारी है. पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.
