मेडिकल से लौटते समय हथकड़ी समेत भागा आरोपी, रात में ही पकड़ाया

इंदौर. एमवाय अस्पताल से मेडिकल जांच के बाद थाने लौट रहा आरोपी शनिवार रात पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत भाग निकला. एबी रोड पर एसबीआई बैंक के पास पुलिस की बाइक बंद हुई थी. पुलिसकर्मी उसे चालू करने में लगे, तभी आरोपी अनुज मीणा ने पीछे बैठे प्रधान आरक्षक राजकुमार को धक्का दिया और अंधेरे में दौड़ लगा दी. पुलिसकर्मियों ने वायरलेस पर सूचना देकर उसका पीछा किया और रात में ही उसे पकड़ लिया.

अनुज को दो दिन पहले नशे में स्कॉर्पियो चलाते हुए पुलिसकर्मियों को टक्कर मारने के मामले में पकड़ा था. शनिवार रात आरक्षक सत्येंद्र सिंह जादौन और प्रधान आरक्षक राजकुमार उसे मेडिकल के लिए एमवाय अस्पताल ले गए थे. रात करीब 12.30 बजे मेडिकल के बाद दोनों उसे सरकारी बाइक से थाने लेकर लौट रहे थे. बाइक सत्येंद्र चला रहे थे, अनुज बीच में और राजकुमार पीछे बैठे थे. एसबीआई बैंक के पास बाइक बंद होने पर पुलिसकर्मी उसे चालू करने लगे. इसी दौरान अनुज ने राजकुमार को धक्का दिया और हथकड़ी के साथ भाग गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया. इसके बाद उसके खिलाफ पुलिस अभिरक्षा से भागने की अलग एफआईआर दर्ज की गई. एडीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि अनुज और उसका साथी शिवम पहले चेकिंग के दौरान कांस्टेबल लालसिंह और राजेश मिश्रा को स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर भागे थे. दोनों को बाद में तिलक नगर क्षेत्र से पकड़ा था. आरोपी के भागने के बाद तत्काल सूचना प्रसारित कर उसकी तलाश शुरू की गई थी और उसे रात में ही पकड़ लिया. मामले में अभिरक्षा से भागने की एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Next Post

सेवा संकल्प अभियान: वरिष्ठजनों का सम्मान, बच्चों से संवाद; सीएम ने बांटी ड्रॉइंग किट और मिठाइयां

Sun Oct 4 , 2026
पांढुर्णा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को पांढुर्णा प्रवास के दौरान सांदीपनि विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘मेरा सेवा, मेरा योगदान’ कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने वरिष्ठजनों का शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में ‘हमारे वृद्ध, हमारा स्वाभिमान’ […]

You May Like