इन्दौर:क्षिप्रा थाना क्षेत्र के रामदेव नगर मांगलिया में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी ने मृतक को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह दोनों परिवारों के बीच चल रही पुरानी दुश्मनी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।पुलिस के मुताबिक घटना रेलवे लाइन के पास रामदेव नगर की है। फरियादी राधा बाई ने पुलिस को बताया कि आरोपी विशाल पिता चंद्रभान जाटव ने उनके बेटे विशाल अहीरवार मूल निवासी जिला अशोक नगर पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने पहले विशाल की जांघ पर चाकू मारा।
घायल होने के बाद जब विशाल अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागा, तो आरोपी विशाल जाटव चाकू लेकर उसके पीछे दौड़ पड़ा। कुछ दूर जाकर घायल विशाल अहीरवार सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ कई वार किए। पीठ और पैरों पर तीन-चार जगह गहरे घाव होने के कारण अत्यधिक खून बह गया और विशाल अहीरवार की मौके पर ही मौत हो गई।बताया जा रहा है कि इस खूनी संघर्ष की जड़ें कुछ समय पुरानी हैं। दरअसल, मृतक विशाल अहीरवार कुछ समय पहले आरोपी के परिवार की एक नाबालिग बेटी को अपने साथ भगाकर ले गया था।
उस समय दोनों ही नाबालिग थे और इस मामले में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई भी की थी। विशाल हाल ही में जमानत पर छूटकर बाहर आया था, लेकिन इसी घटना को लेकर आरोपी का परिवार उससे रंजिश रखे हुए था। पुलिस का कहना है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते दोनों पक्षों में पहले भी कई बार विवाद हो चुके थे।कल जैसे ही आरोपी विशाल जाटव को मौका मिला, उसने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए विशाल अहीरवार पर हमला कर उसकी जान ले ली। क्षिप्रा थाना पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है
