
सिंगरौली। जिले के वार्ड क्रमांक 41 गनियारी क्षेत्र में एक स्थानीय विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। यहां निवासी गोपाल दास ने आरोप लगाया है कि उनके ही जमीन पर लगाए गए पेड़ों को काटने के लिए मिलन सोनी द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो मामला कथित तौर पर धमकी और मनमानी तक पहुंच गया।
पीड़ित के अनुसार उन्होंने वर्षों की मेहनत से अपने जमीन पर पौधे लगाए और उनकी देखभाल कर उन्हें बड़े पेड़ों में तब्दील किया। आरोप है कि मिलन सोनी इन पेड़ों को हटाकर अपने उपयोग के लिए रास्ता बनाना चाहते थे। विरोध करने पर कथित रूप से विवाद बढ़ता चला गया। मामले में सबसे गंभीर आरोप यह है कि आज ही रात के समय भारी वाहन के जरिए एक पेड़ को गिराकर सीधे गोपाल दास के घर की ओर ढकेल दिया गया। घटना के दौरान घर में मौजूद गोपाल दास ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
