नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (वार्ता) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण का काम लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है और कई अहम गलियारे दिसंबर 2026 तक चालू होने की उम्मीद है। श्रीमती गुप्ता ने परिवहन अवसंरचना परियोजना की समीक्षा के बाद यह बात कही। इस समीक्षा बैठक में सरकार और दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि चौथे चरण में अब तक 79.57 प्रतिशत भौतिक प्रगति और 80.60 प्रतिशत वित्तीय प्रगति हासिल की जा चुकी है। मजलिस पार्क से मौजपुर, दीपाली चौक से मजलिस पार्क, और जनकपुरी पश्चिम से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन जैसे अहम हिस्से पहले ही चालू हो चुके हैं। गौरतलब है कि दिसंबर 2026 तक जिन गलियारों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, उनमें कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक, मजलिस पार्क से डेरावल नगर, डेरावल नगर से आर.के. आश्रम, और तुगलकाबाद–संगम विहार–साकेत जी ब्लॉक–एयरोसिटी के हिस्से शामिल हैं। उम्मीद है कि इनके चालू होने से शहर के कई हिस्सों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
चौथे चरण के अतिरिक्त अन्य गलियारे पर भी काम शुरू हो गया है, जिनमें लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक, इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ और रिठाला से कुंडली शामिल हैं। इन्हें मार्च 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पांचवें चरण (ए) के प्रस्तावों पर भी काम शुरू हो गया है, जैसे आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ और एयरोसिटी से इंदिरागांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के टर्मिनल एक तक। मेट्रो विस्तार के साथ-साथ, कई पुल परियोजनाएं भी चल रही हैं। आज़ादपुर से त्रिपोलिया चौक तक एक डबल-डेकर फ्लाईओवर का 70 प्रतिशत से ज़्यादा काम पूरा हो चुका है, जबकि यमुना विहार से भजनपुरा तक एक और पुल का काम लगभग 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है। दक्षिण दिल्ली में, एमबी रोड पर छह-लेन वाले पुल का काम तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, हालाँकि ज़मीन अधिग्रहण, पेड़ों की कटाई और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से मंज़ूरी जैसे कुछ मुद्दे अभी भी बाकी हैं। श्रीमती गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी परियोजनाओं को बेहतर तालमेल के साथ समय पर काम पूरा करें। उन्होंने कहा कि दिल्ली में यातायात जाम कम करने और हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए एक विस्तृत और एकीकृत परिवहन नेटवर्क बहुत ज़रूरी है।

