
गुना। अब तक इलेक्ट्रिक गाड़ियों में आग लगने की खबरें डरा रही थीं, लेकिन गुना के कालापाठा क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ घर के अंदर खड़ी एक स्पोर्ट्स टीवीएस बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में मौजूद मां और बेटा झुलस गए।
घटना शनिवार देर शाम की है। मनोज कुमार रघुवंशी के घर में उनका बेटा पढ़ाई कर रहा था और पत्नी घर के कामों में व्यस्त थीं। तभी गैलरी में खड़ी स्पोर्ट्स बाइक धू-धू कर जलने लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने घर की बिजली वायरिंग को अपनी गिरफ्त में ले लिया और कुछ ही पलों में लपटें पूरे मकान तक जा पहुंचीं। आग की लपटें देख मां और बेटे ने साहस दिखाते हुए उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इस कोशिश में दोनों बुरी तरह झुलस गए। घर के अंदर बच्चे फंस चुके थे, जिन्हें देख मोहल्ले में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों ने जान जोखिम में डालकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। क्षेत्रवासियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि दमकल की गाड़ी करीब एक घंटे की देरी से पहुंची। तब तक आग अपना तांडव मचाकर शांत हो चुकी थी। घर में रखा कीमती सामान और बिजली के उपकरण जलकर राख हो गए। हादसे के बाद बाइक की स्थिति ऐसी है कि वहां अब सिर्फ लोहे का ढांचा नजर आ रहा है। आमतौर पर बैटरी वाली गाड़ियों में शॉर्ट सर्किट की बातें सामने आती हैं, लेकिन पेट्रोल बाइक में इस तरह अचानक आग लगना चर्चा का विषय बना हुआ है। इस अग्निकांड ने रघुवंशी परिवार का भारी आर्थिक नुकसान किया है।
