नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कस्तूरबा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें ‘राष्ट्रीय आंदोलन में महिला सशक्तिकरण की एक मजबूत नींव’ और प्रेरणा का एक चिरस्थायी स्रोत बताया। श्री खरगे ने सोशल मीडिया पर कहा, “कस्तूरबा गांधी राष्ट्रीय आंदोलन में महिला सशक्तिकरण की एक मजबूत नींव थीं और हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।” उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उनके अदम्य साहस और दृढ़ता को रेखांकित करते हुए कहा कि कई बार जेल जाने के बावजूद वह प्रमुख सामाजिक और राजनीतिक उद्देश्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग रहीं।
श्री खरगे ने कहा, “उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कई बार जेल जाने के बावजूद छुआछूत उन्मूलन, खादी को बढ़ावा देने और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी अथक लड़ाई जारी रखीं।” श्री खरगे ने कहा कि सत्याग्रह अभियानों में भाग लेने से लेकर पूरे देश में महिलाओं को संगठित करने तक, ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष के राजनीतिक और सामाजिक, दोनों आयामों को आगे बढ़ाने में उनका योगदान केंद्रीय महत्व का था। उन्होंने महात्मा गांधी के जीवन और कार्यों के प्रभाव पर जोर देते हुए कहा, “उनके आंदोलनों में उनका समर्थन, मार्गदर्शन और सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण थी।” उन्होंने कहा कि उनका ‘साहस, समर्पण और करुणा आज भी समाज को प्रेरित करती है।”

