जबलपुर: साइबर ठग ने हनुमानताल थाने में पदस्थ एक महिला सहायक उप निरीक्षक को व्हाट्सएप पर वेडिंग इनविटेशन कार्ड भोजकर मोबाइल हैक किया और बैंक खाते में सेंध लगा दी। करीब 5 लाख रुपये खाते से उड़ा लिए।जानकारी अनुसार हनुमानताल थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक रोहिणी शुक्ला का बैंक खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सिटी ब्रांच में है। उनके व्हाट्सएप पर एक परिचित, धनेश पटेल के मोबाइल नंबर से शादी का निमंत्रण (वेडिंग इनविटेशन) आया। यह संदेश एक फाइल फॉर्मेट में था। जैसे ही उन्होंने कार्ड देखने के लिए फाइल डाउनलोड की, उनका मोबाइल अचानक हैक हो गया।
मोबाइल में खुद ही ओपन होने लगी फाइलें
डाउनलोड होते ही मोबाइल में फाइलें अपने आप बार-बार ओपन होने लगीं। पीड़िता ने फाइल और ऐप को डिलीट करने की कोशिश की, लेकिन वह डिलीट नहीं हो रहा था। उस वक्त उन्होंने इसे मोबाइल की सामान्य तकनीकी खराबी समझकर अनदेखा कर दिया, जो बाद में एक बड़ी आर्थिक चोट साबित हुई। ठगी का खुलासा तब हुआ जब एएसआई ने अपने मोबाइल के टेक्स्ट मैसेज चेक किए। उनके बैंक खाते से कुल 4 लाख 98 हजार रुपये गायब हो चुके थे।
