मुंबई, (वार्ता) 11 बार ग्रैमी पुरस्कार के लिए नामांकित सितार वादक अनुष्का शंकर ने अपने लाइव प्रदर्शन के 30 साल पूरे होने पर एक विशेष भारत दौरे की घोषणा की है।
यह बहुप्रतीक्षित टूर स्किलबॉक्स के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है और इसकी शुरुआत 30 जनवरी को हैदराबाद से होगी। इसके बाद यह यात्रा बेंगलुरु (31 जनवरी), मुंबई (01 फरवरी), पुणे (06 फरवरी), दिल्ली (07 फरवरी) और कोलकाता (08 फरवरी) में जारी रहेगी। इस टूर को स्किलबॉक्स और रेडएफएम द्वारा क्यूरेट और प्रोड्यूस किया गया है और कोटक द्वारा प्रस्तुत किया गया है।
अनुष्का शंकर ने कहा,”भारत में हर परफॉर्मेंस मेरे लिए बेहद व्यक्तिगत होता है, लेकिन यह दौरा एक बेहद खास समय पर हो रहा है। इस टूर के साथ हम मिलकर मेरे मंच पर संगीत साझा करने के 30 सालों का जश्न मनाएंगे, तीन दशक की वृद्धि, जोखिम और नवाचार।”
अनुष्का शंकर ने कहा, “यह यात्रा वास्तव में तीन साल पहले गोवा में नए साल के दिन की डायरी से शुरू हुई थी, जब मैंने इस त्रयी का एक खाका तैयार किया था। मैंने एक नए बैंड के साथ प्रयोगात्मक परफॉर्मेंस किए और उसके साथ ही इन चैप्टर्स को लिखा और रिलीज किया। हर शो और हर महाद्वीप के साथ संगीत को विकसित होने दिया। अब जबकि तीनों चैप्टर्स रिलीज हो चुके हैं, कहानी पूरी हो चुकी है और अब इसे भारत में पूरा रूप से प्रस्तुत करने का समय आ गया है।”
