इंदौर:एचपीवी टीकाकरण महाअभियान में इंदौर ने नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए प्रदेश में एक दिन में सर्वाधिक टीकाकरण का रिकॉर्ड बनाया है. 9 अप्रैल को 3664 टीके लगाने के बाद दूसरे ही दिन 10 अप्रैल को यह आंकड़ा बढ़कर 4487 पहुंच गया, जिससे इंदौर ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया.सीएमएचओ डॉक्टर माधव हसानी ने बताया कि जिला प्रशासन के नेतृत्व में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से यह महाअभियान चलाया जा रहा है.
कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में अभियान को गति दी गई. महाअभियान के तहत शुक्रवार को जिले में 229 टीकाकरण सत्र आयोजित किए, जिनमें 87 ग्रामीण और 142 शहरी क्षेत्र शामिल रहे. इन सत्रों में 43 शासकीय और 118 निजी स्कूलों के साथ साथ स्वास्थ्य संस्थानों में भी टीकाकरण किया. अभियान में करीब 1000 अधिकारी कर्मचारियों ने भागीदारी निभाई. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि दो दिनों में 14,379 टीके लगाए जा चुके हैं.
