ग्वालियर : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उपनगर ग्वालियर में विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास एवं नागरिकों का सुगम जीवन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंत्री तोमर ने निरीक्षण के दौरान सड़क, सीवर, विद्युत एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुडी़ समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस मौके पर विभागीय अधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिकगण उपस्थित रहे।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने वार्ड-5 स्थित नहर वाले हनुमान मंदिर के पास गोकुल विलास मानुपर फेस-2 एवं 3 में क्षेत्रवासियों के बीच पहुंचकर उनकी सड़क, सीवर, विद्युत एवं पेयजल से संबंधित समस्याओं को जाना तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिये निर्देशित किया। इसके साथ ही बहादुरनगर, गली क्रमांक 1 व 2 में भ्रमण कर क्षेत्रवासियों से जनसंवाद किया। साथ ही मानुपर स्थित संजीवनी क्लीनिक का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
