
रतलाम। जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। कालिका माता मंदिर परिसर और बिलपांक स्थित विरुपाक्ष महादेव मंदिर को नए और भव्य स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए राज्य शासन ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में विधायक मथुरालाल डामोर, महापौर प्रहलाद पटेल, कलेक्टर मिशा सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रस्तुतीकरण के दौरान कालिका माता मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की विस्तृत योजना रखी गई। इसके तहत झाली तालाब क्षेत्र में आकर्षक डेकोरेटिव लाइटिंग, दुर्गा माता के नौ स्वरूपों की झांकियां और पूरे परिसर को विकसित किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुगम दर्शन व्यवस्था, पार्किंग, फूड जोन, बैठने की व्यवस्था और गरबा स्थल तैयार किए जाएंगे। साथ ही मेला आयोजन के लिए पृथक स्थान और दुकानों की सुव्यवस्थित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, विरुपाक्ष महादेव मंदिर बिलपांक में मुख्य मंदिर सहित आसपास के चार मंदिरों का जीर्णोद्धार कर परकोटा निर्माण किया जाएगा। मंदिर तक आसान पहुंच के लिए विभिन्न मार्गों का विकास और पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। बैठक में दांतोडिय़ा रोड से मऊ फंटा तक करीब डेढ़ किलोमीटर सडक़ निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर मिशा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण, भूमि की स्थिति और संभावित लागत का विस्तृत आकलन 14 अप्रैल तक प्रस्तुत किया जाए। इस दौरान बिलपांक के समाजसेवी अशोक पाटीदार, एसडीएम रतलाम ग्रामीण विवेक सोनकर, तहसीलदार आशीष उपाध्याय, परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण अरुण कुमार पाठक , सब इंजीनियर पुरातत्व विभाग इंदौर अंकित चौहान , मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग से राजकुमार रघुवंशी, आर्किटेक्ट सागर जगवानी, कार्यपालिका यंत्री मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग मनीष डहरिया उपस्थित थे।
इंजीनियर ने नक्शा एवं आवश्यक सुविधाओं का दिया प्रेजेंटेशन
बैठक के दौरान इंजीनियर ने रतलाम शहर के कालिका माता मंदिर परिसर और विरुपाक्ष महादेव मंदिर बिलपांक को नए स्वरूप में विकसित करने हेतु नक्शा एवं आमजन को आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से प्रेजेंटेशन दिया। कार्य योजना के अनुसार रतलाम शहर के झाली तालाब के आसपास सुंदर डेकोरेशन लाइटिंग एवं दुर्गा माता के 9 स्वरूपों की आकर्षक झांकी तैयार की जाएगी। आने जाने वाले लोगों के लिए सुलभ रूप में दर्शन व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, फूड् जोन, बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग व्यवस्था, झाली तालाब का सौंदर्यकरण, बाउंड्री वॉल, श्रद्धालुओं के लिए गरबा स्थल की व्यवस्था, पेड़ पौधों को आकर्षक रूप से सुसज्जित करने, आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा कर कार्ययोजना बनाई गई। कालिका माता मंदिर लोक का निर्माण होने के बाद परिसर अपने नए स्वरूप में निखरेगा। कालिका माता मंदिर परिसर में मेला लगने के उचित स्थान की व्यवस्था, दुकानों की व्यवस्था आदि के संबंध में भी कार्य योजना तैयार की गई।
