इंदौर: हीरानगर थाना क्षेत्र में जन्मदिन के कार्यक्रम के दौरान विवाद हो गया. कुर्सियां हटाने की बात पर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें युवक घायल हो गया.
क्लर्क कॉलोनी एक्सटेंशन में रहने वाली 50 वर्षीय मीना गोंडाने ने पुलिस को बताया कि उनके घर पर पोते विहान का जन्मदिन कार्यक्रम था. परिवार और मेहमान घर के बाहर कुर्सियां लगाकर बैठे थे, तभी एक युवक बाइक से आया और रास्ते से कुर्सियां हटाने को लेकर गाली गलौज करने लगा.
विरोध करने पर गली में रहने वाले दीपक सिंह बैस, कुलदीप सिंह बैस और प्रदीप सिंह बैस मौके पर पहुंचे और विवाद बढ़ गया. आरोप है कि दीपक सिंह ने डंडे से मीना के बेटे सोनू के सिर पर हमला कर दिया, जिससे खून निकलने लगा. बीच बचाव करने आई मीना के साथ भी आरोपियों ने धक्का मुक्की और बाल पकड़कर मारपीट की. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
