जबलपुर: गोरखपुर थाना अंतर्गत दशमेश द्वार में रहने वाली 22 वर्षीय युवती को एक युवक ने प्रेम जाल में फंसाकर न सिर्फ उसके साथ लंबे समय तक दुराचार किया, बल्कि गर्भवती होने पर उसका जबरन गर्भपात भी करा दिया। इतना ही नहीं, अश्लील वीडियो के नाम पर युवती से 2 लाख रुपये भी ऐंठ लिए।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूलतः कुंडम की रहने वाली 22 वर्षीय युवती गोरखपुर के दशमेशद्वार इलाके में किराए के मकान में रहती हैं। करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात गढ़ा झंडा चौक निवासी अमित बर्मन से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और अमित का युवती के घर आना-जाना बढ़ गया। आरोप है कि अमित ने युवती को शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर वह पिछले काफी समय से युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
अश्लील वीडियो बनाकर की ब्लैकमेलिंग, दो लाख ऐंठे
आरोपी ने संबंध बनाने के दौरान युवती के कुछ अश्लील फोटो और वीडियो भी चोरी-छिपे बना लिए थे। जब युवती गर्भवती हुई, तो अमित ने शादी का वादा दोहराते हुए उसका अबोर्शन करवा दिया। लेकिन अबोर्शन के बाद आरोपी के तेवर बदल गए और उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी अमित अपने असली रूप में आ गया।
उसने युवती को उसके अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बदनामी के डर से युवती ने आरोपी को किस्तों में करीब 2 लाख रुपये भी दे दिए, लेकिन आरोपी की मांगें खत्म नहीं हुईं। आरोपी की लगातार प्रताड़ना और पैसों की मांग से तंग आकर अंततः पीड़िता ने गोरखपुर थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरोपी अमित बर्मन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
