ट्रंप ने दावा किया कि ईरान अब यूरेनियम संवर्धन नहीं करेगा

वाशिंगटन, 08 अप्रैल (वार्ता) युद्धविराम के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि ईरान अब यूरेनियम संवर्धन का काम दोबारा शुरू नहीं करने पर सहमत हो गया है।

श्री ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका और ईरान मिलकर ईरान के पास मौजूद उच्च संवर्धित सामग्री के भंडार को सुरक्षित करेंगे। ईरानी अधिकारियों ने अभी तक सार्वजनिक रूप से इस बयान की पुष्टि नहीं की है। ईरान के अधिकारियों का लंबे समय से कहना है कि यूरेनियम का भंडार रखना इस्लामिक गणराज्य का संप्रभु अधिकार है। उनका दावा है कि इसका मकसद हथियार बनाना नहीं है। इसका इस्तेमाल केवल बिजली बनाने और चिकित्सा जैसे नागरिक कामों के लिए किया जाता है। ईरान ने इस मामले में किसी भी तरह के समझौते से इनकार किया है।

ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में श्री ट्रंप ने दावा किया कि ईरान का 60 प्रतिशत से अधिक संवर्धित यूरेनियम इस्फ़हान सुविधा के नीचे दबा हुआ माना जाता है। जून 2025 में अमेरिका और इजरायल के हमलों में यह जगह भारी क्षतिग्रस्त हो गयी थी। अब इसे दोनों देशों की निगरानी में बाहर निकाला जाएगा।

श्री ट्रंप ने लिखा, “ अमेरिका ईरान के साथ मिलकर काम करेगा। हमने तय किया है कि वहां शासन में एक बहुत ही उत्पादक बदलाव होगा! अब यूरेनियम का कोई संवर्धन नहीं होगा। अमेरिका, ईरान के साथ मिलकर गहराई में दबी हुई परमाणु ‘धूल’ को खोदेगा और हटाएगा।” उन्होंने कहा कि हमले की तारीख से इस सामग्री को छुआ नहीं गया है और यह बहुत सटीक सैटेलाइट निगरानी में है।”

श्री ट्रंप ने बातचीत के बीच ईरान को आर्थिक राहत और प्रोत्साहन देने के संकेत भी दिये। उन्होंने कहा, “ हम ईरान के साथ आयात शुल्क और प्रतिबंधों में राहत देने पर बात कर रहे हैं और करते रहेंगे।”  उन्होंने यह भी दावा किया कि 15 में से कई बिंदुओं पर पहले ही सहमति बन चुकी है।

ईरान ने पहले अमेरिका के 15 सूत्रीय प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। इसके बदले ईरान ने अपना 10 सूत्रीय प्रस्ताव दिया था। श्री ट्रंप और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि यही प्रस्ताव अगले दो हफ्तों तक चलने वाली बातचीत का आधार बनेगा।

Next Post

युद्धविराम के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से दो जहाज गुजरे

Wed Apr 8 , 2026
तेहरान ,08 अप्रैल (वार्ता) ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने को बाद बुधवार को दो जहाजों ने जलडमरूमध्य को पार किया। समुद्री ट्रैकिंग फर्म ‘मरीनट्रैफिक’ ने बताया कि ग्रीक स्वामित्व वाले बल्क कैरियर ‘एनजे अर्थ’ ने दोपहर में और लाइबेरिया के झंडे वाले […]

You May Like