करंट की चपेट में आकर मजदूर की मौत, ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप

नीमच। जिले के नीमच सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपलिया नाथावत में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हडक़ंप मच गया, वहीं परिजनों ने ठेकेदार सहित संबंधित लोगों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भोलियावास निवासी नरेंद्र पिता लालूराम माली (उम्र लगभग 35 वर्ष) ठेकेदार लोकेश धाकड़ के अधीन मजदूरी करता था। वर्तमान में वह ग्राम पिपलिया नाथावत में नारायण सिंह के मकान निर्माण कार्य में लगा हुआ था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे रेत से भरे डंपर को खाली करने के दौरान यह हादसा हुआ।

ग्राम बरखेड़ा के उपसरपंच अशोक माली ने बताया कि निर्माण स्थल के ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे थे, बावजूद इसके ठेकेदार द्वारा सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। बताया गया कि मजदूर नरेंद्र को डंपर पर चढ़ाकर रेत खाली करने के लिए कहा गया। इसी दौरान डंपर चालक ने बिना ऊपर की स्थिति का ध्यान रखे वाहन को आगे-पीछे किया, जिससे डंपर ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों के संपर्क में आ गया और नरेंद्र करंट की चपेट में आ गया।

गंभीर रूप से घायल नरेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल नीमच लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए।

परिजनों का आरोप है कि यह हादसा ठेकेदार और डंपर चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रेत परिवहन पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से रेत लाई जा रही थी, और संबंधित डंपर के पास वैध रॉयल्टी होने पर भी संदेह है।

मृतक नरेंद्र माली अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसकी अचानक मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। परिजनों ने ठेकेदार, मकान मालिक और डंपर मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ ही उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। फिलहाल नीमच सिटी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Next Post

15 अप्रैल तक सौंपें आगामी वर्ष की कार्य योजना और लक्ष्य

Wed Apr 8 , 2026
भोपाल। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सभी विभागाध्यक्षों से कहा है कि वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं को समाहित कर अपने विभाग की वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कार्य योजना और लक्ष्य 15 अप्रैल तक प्रस्तुत करें। उन्होंने सी.एम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी […]

You May Like

मनोरंजन