
दमोह. दमोह से हटा, कुंडलपुर, खजुराहो तक जोड़ने के लिए अब रेलवे लाइन की सुविधा भी लोगों को मिलने वाली है.इसके सर्वे की स्वीकृति मिल चुकी है.बुधवार दोपहर दमोह सांसद राहुल सिंह के द्वारा अपने आवास पर एक पत्रकारवार्ता कर इस रेल लाइन स्वीकृति के बारे में जानकारी दी.
इस अवसर पर संजय यादव, प्रिंस जैन,राघवेंद्र परिहार, जुगल अग्रवाल उन्होंने कहा की हटा आने वाले समय में उद्योग शहर के रूप में पहचाना जाएगा जो एक बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी. सांसद ने बताया कि दमोह से हटा, कुंडलपुर, खजुराहो, पन्ना के लिए रेल लाइन स्वीकृति के लिए रेल मंत्री से उन्होंने अपने अन्य सांसद साथियों के साथ निवेदन किया था. जिसके सर्वे की स्वीकृति रेल मंत्री के द्वारा प्रदान की गई है.आने वाले समय में जब रेलवे लाइन यहां पर आएगी तो दमोह से हटा और वहां से सीधे खजुराहो के लिए रेल कनेक्टिविटी तैयार हो जाएगी.यह करीब 125 किलोमीटर का चक्कर होगा.दूसरा खजुराहो से छतरपुर, छतरपुर से सागर वहां से सीधे भोपाल तक करीब 325 किलोमीटर का रन होगा उसके लिए भी सर्वे होगा. इसके लिए वह प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को धन्यवाद देते हैं. सांसद ने कहा कि जब यह रेल कनेक्टिविटी जुड़ जाएगी तो बेहतर व्यापार हो पाएगा. बेहतर तरीके से छतरपुर, खजुराहो, बंडा, सागर के लोग सीधे भोपाल से कनेक्ट हो जाएंगे.
आज हमें हटा और हटा से पन्ना जब जाना पड़ता है तो हमारे पास कोई रेल मार्ग नहीं है.आने वाले वर्षों में जब उद्योग नगरी की बात होगी तो हटा वह जगह होगी जिसे उद्योग शहर के नाम से पहचाना जाएगा. क्योंकि गैसाबाद में जेएसडब्ल्यू सीमेंट प्लांट का काम चल रहा है. वहां से 20 किलोमीटर दूर पन्ना में सीमेंट प्लांट चालू है. इसके पहले ओएनजीसी के लिए भी हटा में काम हुआ था और यह काम आने वाले समय फिर से प्रारंभ होने वाला है. जैसे ही रेल मार्ग से हटा कनेक्ट होता है पन्ना कनेक्ट होता है तो एक बहुत बड़े व्यापार का रास्ता सीधे यहां से जुड़ जाएगा. आने वाले समय में हमारा पूरा लोकसभा क्षेत्र रेल लाइन से कनेक्ट हो जाएगा. पत्रकारवार्ता के दौरान अन्य भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी रही.
