जयपुर 28 फरवरी (वार्ता) राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के नेता टीकाराम जूली की माता चलती देवी का शुक्रवार रात निधन हो गया।
वयोवृद्ध चलती देवी को जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्हें अंतिम सांस ली। उनके निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि उनके निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है, जिसकी पूर्ति संभव नहीं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अगाध दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने श्री जूली की माता के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया और ईश्वर से दिवंगत की आत्मा को शांति और शोक संतृप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के की प्रार्थना की।
इसी तरह उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डा सतीश पूनियां, विधायक एवं पूर्व विधायक सहित कांग्रेस के कई नेता एवं पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने श्री जूली की माता के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की माता चलती देवी का निधन
