
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने अपने आधुनिकीकरण एवं तकनीकी उन्नयन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए ब्लॉक-1ए में स्थापित प्रो-आर्क फ्लेम कटिंग मशीन के लिए उन्नत सीएनसी पीएलसी ड्राइव मोटर प्रणाली का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया।
इस उन्नत प्रणाली का उद्घाटन कार्यपालक निदेशक पी. के. उपाध्याय द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारीगण, जिनमें अशिष औरंगाबादकर (महाप्रबंधक, डब्ल्यूईएक्स एवं एमओडी), राजेश अग्रवाल (महाप्रबंधक, एसओएम) तथा आलोक सेंगर (महाप्रबंधक, फैब्रिकेशन) उपस्थित रहे।
यह उन्नयन विनिर्माण प्रक्रियाओं में दक्षता, सटीकता एवं विश्वसनीयता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्नत प्रो-आर्क फ्लेम कटिंग मशीन से उत्पादन क्षमता में वृद्धि के साथ-साथ फैब्रिकेशन कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित होने की उम्मीद है।
यह उपलब्धि बीएचईएल भोपाल की अत्याधुनिक तकनीकों को अपनाने और अपनी विनिर्माण क्षमताओं को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जो देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान है।
