जिला अस्पताल में एंबुलेंस में लगी आग, गार्ड की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

छतरपुर। जिला अस्पताल परिसर में खड़ी एक एंबुलेंस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। आग तेजी से फैल रही थी, जिससे मौके पर मौजूद लोग एंबुलेंस के पास जाने से भी डर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग एंबुलेंस के बोनट के अंदर इंजन की तरफ से उठती दिखाई दी। लोगों को आशंका थी कि कहीं वाहन में विस्फोट न हो जाए, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। इसी डर के चलते काफी देर तक कोई भी आग बुझाने के लिए आगे नहीं आया।

इसी बीच अस्पताल का एक गार्ड फायर एक्सटिंग्विशर लेकर मौके पर पहुंचा और उसने साहस दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण पाने से बड़ा हादसा टल गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और नुकसान को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अस्पताल प्रशासन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।

घटना का वीडियो सामने आया है, जिसे दो दिन पुराना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि उस समय बारिश हो रही थी।

इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जीवनरक्षक वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सभी एंबुलेंसों में फायर सेफ्टी उपकरण अनिवार्य किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Next Post

इंदौर ननि बजट: पुराने मार्केट पुनर्निर्माण, ड्रेनेज और तालाब जीर्णोद्धार पर करोड़ों का प्रावधान

Tue Apr 7 , 2026
इंदौर। शहर के समग्र विकास को गति देने के लिए नगर निगम द्वारा आज बजट में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सामने आए हैं। पुराने बाजारों को तोड़कर नए आधुनिक भवनों के निर्माण की योजना बनाई गई है, जिसके तहत लगभग 40 से 100 करोड़ रुपये तक खर्च किए जाने का प्रावधान […]

You May Like