विक्रम मिस्री आठ अप्रैल को अमेरिका की यात्रा पर जायेंगे

नयी दिल्ली, 07 अप्रैल (वार्ता) विदेश सचिव विक्रम मिस्री 8 से 10 अप्रैल तक अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।

श्री मिस्री की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब वैश्विक अनिश्चितताएं बढ़ रही हैं। इस यात्रा का उद्देश्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना और साथ ही महत्वपूर्ण क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का समाधान करना है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार विदेश सचिव की अमेरिका यात्रा भारत-अमेरिका संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करने और व्यापार, रक्षा तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी। श्री मिस्री अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च-स्तरीय चर्चा करेंगे, जिसमें साझा प्राथमिकताओं और उभरती भू-राजनीतिक चुनौतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

यह यात्रा विदेश मंत्री एस. जयशंकर की इस वर्ष की शुरुआत में हुई वाशिंगटन यात्रा के बाद हो रही है, जो दोनों देशों के बीच उच्च-स्तरीय वार्ताओं की निरंतर गति को दर्शाती है।

इस बीच भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी अमेरिका में ही हैं। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा से मुलाकात की और नयी दिल्ली तथा वाशिंगटन के बीच मजबूत रणनीतिक संबंधों के महत्व पर जोर दिया।

राजदूत विनय मोहन ने कहा, “हम भारत-अमेरिका रणनीतिक संबंधों के लिए हमारे दोनों नेताओं द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु अपने ठोस प्रयासों को जारी रखे हुए हैं।”

श्री गोर ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक काश पटेल के साथ भी बैठकें कीं।

 

 

Next Post

सिंगरौली से मुंबई के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू, सांसद डॉ मिश्रा ने दिखाई हरी झंडी

Tue Apr 7 , 2026
सिंगरौली: जिले की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 13379 धनबाद–लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक ट्रेन का शुभारंभ किया गया। सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान […]

You May Like