
बनखेड़ी। बनखेड़ी क्षेत्र के अंतर्गत डागरहाई धड़ाब पड़ाव में बीते दिन हुई ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रारंभिक सर्वे के अनुसार गेहूं की फसल में लगभग 60 से 70 प्रतिशत तक क्षति हुई है, वहीं तरबूज की फसल में 70 से 80 प्रतिशत तक नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में करीब 70 से 80 हेक्टेयर में लगी गेहूं की फसल प्रभावित हुई है, जिसमें औसतन 60 प्रतिशत तक नुकसान दर्ज किया गया है। इसके अलावा लगभग 10 हेक्टेयर में लगी तरबूज की फसल को 80 से 90 प्रतिशत तक क्षति पहुंची है।
प्राकृतिक आपदा का असर केवल फसलों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि करीब 400 से 500 घरों को भी आंशिक नुकसान हुआ है। तेज हवा और ओलावृष्टि के चलते कई स्थानों पर बिजली के खंभे भी टूट गए, जिससे क्षेत्र में अव्यवस्था की स्थिति बनी रही।
प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है। पटवारी एवं कृषि विभाग के अधिकारी सर्वे कार्य में जुटे हुए हैं।
नायब तहसीलदार राम सिपाही मरावी ने बताया,
हम लगातार सर्वे कर रहे हैं। पटवारी और कृषि विभाग की टीम मौके पर लगी हुई है। मैं स्वयं भी निगरानी कर रहा हूं। किसानों को हुए नुकसान का शासन के नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
