
सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के थाना सुरखी प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस दीपांशु के नेतृत्व मे पुलिस बल ने थाना बहेरिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रुसल्ला के जंगल में जुआ फड पर छापामार कार्रवाई कर 21 जुआरियो को गिरफ्तार कर 45 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना एवं क्षेत्र की दोनों चौकियों से संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा जुए के अड्डे पर रेड कार्यवाही की गई, जहां से 21 आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
जप्त मशरूका मे 6,45,000/- नगद राशि,21 मोबाइल फोन,22 मोटरसाइकिल,11 चार पहिया वाहन,01 पिस्टल (फायर आर्म) एवं 01 चाकू,ताश की गड्डियां कुल मशरूका अनुमानित मूल्य: लगभग ₹45,00,000/- (पैंतालीस लाख रुपये अनुमानित) बताई गई है।
कार्यवाही के दौरान थाना प्रभारी बहेरिया उप निरीक्षक विद्यानंद यादव एवं रात्रि सेक्टर-2 के गश्ती अधिकारी उप निरीक्षक राजेश शर्मा (थाना मकरोनिया) को भी मौके पर बुलाकर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित कराई गई तथा समस्त घटनाक्रम से वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया।
