इंदौर:आजाद नगर थाना क्षेत्र में एक युवक की उसके ही दोस्त ने चाकू मारकर हत्या कर दी. हमला 29 मार्च को हुआ था, जिसके बाद घायल युवक की तबीयत बिगड़ती गई और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. पुलिस आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है अब जांच के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी.मृतक की पहचान वीरेंद्र पिता रामनारायण(35) निवासी आजाद नगर के रूप में हुई है.
वीरेंद्र पेशे से फर्नीचर बनाने का काम करता था. घटना वाले दिन यानी 29 मार्च को वीरेंद्र का अपने ही दोस्त रवि यादव से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद इतना बढ़ा कि काली पुलिया के पास रवि ने आव देखा न ताव और वीरेंद्र के पेट में चाकू घोंप दिया.मृतक के भाई विशाल ने बताया कि घटना के तुरंत बाद वीरेंद्र को अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर ले आए थे.
परिजनों को लगा कि घाव गहरा नहीं है, लेकिन अगले ही दिन से वीरेंद्र के पेट में असहनीय दर्द शुरू हो गया और उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. आनन-फानन में उसे दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान रविवार देर रात उसने दम तोड़ दिया.थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.अब पोस्टमार्टम में मौत के कारणों का खुलासा होने के बाद आगे कि कार्रवाई की जाएगी.
