नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने महान गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। श्री राधाकृष्णन ने रविवार को अपने शोक संदेश में कहा, “महान गायिका आशा भोसले जी के निधन से मैं अत्यंत दुखी हूं। उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”
उन्होंने कहा कि आशा भोसले की बहुमुखी आवाज ने उन्हें विभिन्न संगीत शैलियों में सहज रूप से पारंगत बनाया, जिसमें ग़ज़ल और भजन जैसी विधाएं भी शामिल हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि उनकी अमर आवाज और संगीत विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी और करोड़ों लोगों के दिलों में गूंजती रहेगी।

