भूसे के कंडों में छिपी शराब का खुलासा, पुलिस ने 103.68 बल्क लीटर अवैध शराब की जब्त 

नामली। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना नामली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 103.68 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार तथा एसडीओपी किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गायत्री सोनी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर सूचना के आधार पर 4 अप्रैल 2026 को ग्राम सेमलिया में विशाल राठौड़ के खेत में भूसे के कंडों के बीच छिपाकर रखी 10 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद की गई। इस मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

वहीं 5 अप्रैल 2026 को पंचेड फंटा के पास आम रोड नामली पर पुलिस ने गजेंद्र सिंह सक्तावत (25) एवं रोहित सोलंकी (23) निवासी नई आबादी पंचेड को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक पेटी प्लेन शराब व एक पेटी देशी मसाला शराब तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दोनों प्रकरणों में 95.04 बल्क लीटर देशी प्लेन शराब एवं 8.64 बल्क लीटर देशी मसाला शराब, कुल 103.68 बल्क लीटर (कीमत लगभग 48,844 रुपये) जब्त की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी गायत्री सोनी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Next Post

रातभर चला पुलिस का सख्त अभियान,85 वारंटी धराए

Sun Apr 5 , 2026
रतलाम। जिले में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस ने एक बार फिर सख्ती का परिचय दिया। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के तहत पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में 4-5 अप्रैल की दरमियानी रात से लेकर सुबह तक जिलेभर में व्यापक […]

You May Like