जबलपुर: लॉर्डगंज थाना अंतर्गत गंजीपुरा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाजार में खरीदारी करने आईं सास-बहू और ननद-भाभी के बीच टकराव हो गया । आठ साल से चल रहे पारिवारिक कोर्ट केस की रंजिश सडक़ पर उतर आई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। हाईवोल्टेज हंगामे के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए जहां पुलिस ने काउंटर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिशा जाट निवासी बेलबाग ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे अपनी भाभी रेशमा के साथ दीदी गारमेंट्स में कपड़े खरीदने çगई थी। वहां पहले से मौजूद उसकी सास भावना जाट, ननदें और शुभांशु जाट ने उसे देखते ही अभद्रता शुरू कर दी। चांदनी जाट ने दिशा के बाल खींचकर चेहरे पर थप्पड़ मारे। जब भाभी रेशमा ने बीच-बचाव कर वीडियो बनाना चाहा, तो ननदों ने मोबाइल छीनकर फेंक दिया। इस झूमा-झपटी में दिशा का मंगलसूत्र भी टूट गया।
इसी मामले में दूसरा पक्ष सास पक्ष जब शिकायत करने थाने जा रहा था, तब गंजीपुरा चौराहे पर दिशा की माँ राजश्री जाट मिल गईं। आरोप है कि वहां फिर से चांदनी और भावना जाट ने राजश्री के साथ मारपीट की। वहीं, सास भावना जाट ने अपनी बहू दिशा और समधन राजश्री के खिलाफ काउंटर रिपोर्ट दर्ज कराई है। भावना का कहना है कि उनका बेटे के साथ 8 साल से तलाक का केस चल रहा है। जब वे अपने बेटे के साथ रह रही चांदनी और बेटियों के साथ शॉपिंग कर रही थीं, तब बहू दिशा ने जबरन वीडियो बनाना शुरू किया और अभद्रता कर दीं। थाने जाते वक्त दिशा और उसकी माँ ने उनके साथ मारपीट की और बाल खींचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
