भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना एवं उप पुलिस महानिरीक्षक डॉ. विनीत कपूर के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में संचालित “दिशा लर्निंग सेंटर” पहल युवाओं को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शारीरिक प्रशिक्षण प्रदान कर उल्लेखनीय परिणाम दे रही है। यह कार्यक्रम न केवल युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ा रहा है, बल्कि उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए भी प्रेरित कर रहा है।
छिंदवाड़ा से इस पहल की एक महत्वपूर्ण सफलता सामने आई है, जहां पुलिस लाइन में संचालित केंद्र ने विभिन्न सुरक्षा बलों की भर्ती में अभ्यर्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में मदद की है। कुल 17 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिनमें 11 रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) में तथा 6 अभ्यर्थी एसएससी जीडी के माध्यम से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में चयनित हुए हैं।
यह उपलब्धि पुलिस अधीक्षक अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के नेतृत्व और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। प्रशिक्षण रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी एवं आरक्षक विजय इनवाती द्वारा अपने नियमित कार्यों के साथ पूरी प्रतिबद्धता से दिया गया।
फिजिकल ट्रेनिंग के अलावा, यह केंद्र 500 से अधिक पुस्तकों, निःशुल्क वाई-फाई, कंप्यूटर सुविधा और नियमित करियर काउंसलिंग के माध्यम से अभ्यर्थियों को समग्र शैक्षणिक सहयोग प्रदान कर रहा है, जिससे यह एक आदर्श प्लेटफॉर्म बन गया है।
