जल्द शुरू होगी रबी की खरीद : शिवराज सिंह चौहान

नयी दिल्ली, 20 मार्च (वार्ता) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि इस वर्ष रबी फसल की बहुत अच्छी पैदावार हुयी है और सरकार जल्द ही गेहूं तथा धान की खरीदी प्रक्रिया शुरू करने जा रही है।

श्री चौहान ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सरकार यह पक्का करेगी कि अरहर (तुअर), मसूर और उड़द की भी पूरी खरीदी हो सके। कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसान अपनी जितनी भी उपज बेचना चाहेंगे, सरकार उसे खरीदने के लिए तैयार है।

आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों के संबंध में एक बड़े नीतिगत बदलाव की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पहले इसके लिए केवल दिल्ली में एक बैठक आयोजित की जाती थी। अब रणनीति को अधिक प्रभावी बनाने के लिए देश को पांच ज़ोनों उत्तर, दक्षिण, पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर राज्यों में बांटा गया है। इन क्षेत्रों में अलग-अलग ‘क्षेत्रीय सम्मेलन’ आयोजित किए जायेंगे जिससे कि स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार बेहतर योजना तैयार की जा सके।

समीक्षा बैठक के दौरान कई राज्यों में असमय बारिश और ओलावृष्टि से पक चुकी फसलों को हुए नुकसान पर भी चर्चा की गई। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रभावित राज्यों से तुरंत संपर्क कर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि इसके साथ ही फसल बीमा योजना के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे वैज्ञानिक तरीके से सर्वे पूरा कर प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत उपलब्ध कराएं।

 

Next Post

सुप्रीम कोर्ट को दी गई जानकारी: एनसीईआरटी के विवादित अध्याय की समीक्षा के लिए गठित होगा विशेषज्ञ पैनल

Fri Mar 20 , 2026
नयी दिल्ली, 20 मार्च (वार्ता) केंद्र सरकार ने उच्चतम न्यायालय को शुक्रवार को सूचित किया कि राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की कक्षा आठ की एक पुस्तक में न्यायिक भ्रष्टाचार पर लिखे गए विवादित अध्याय की समीक्षा के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया जायेगा। समिति के […]

You May Like