
सिंगरौली। जिले के नवानगर थाना क्षेत्र में आज शनिवार की दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरा ट्रक कुछ ही देर में जलकर खाक हो गया। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 2 बजे नवानगर थाना परिसर की बाउंड्री के पास हुई। अचानक ट्रक में आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि थाना परिसर तक आग फैलने की आशंका जताई जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब पांच दमकल गाड़ि़यों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को फैलने से रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। नवानगर थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया गया था। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
