इंदौर: पातालपानी क्षेत्र में संचालित हनीट्रैप के संगठित गिरोह पर बड़गोंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिकंजा कस दिया है. यहां स्थित रेनबो रिसोर्ट को ब्लैकमेलिंग का अड्डा बनाकर युवकों को जाल में फंसाने वाले गिरोह की तीन महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के बाद शहर के कई अन्य पीड़ित भी सामने आने लगे हैं.
महू में रहने वाले दीपक सिंह रावत को गिरोह की महिलाओं ने पहले मोबाइल पर संपर्क कर फंसाया और फिर पातालपानी स्थित रेनबो रिसोर्ट में बुलाया. यहां आरोपियों ने उसे दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपए की मांग की थी. पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों में भावना, साधना गुप्ता, विजय तिलवारी सहित एक अन्य महिला सदस्य शामिल है.
पुलिस को कई और अहम खुलासे की उम्मीद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और बदनामी का डर दिखाकर कई युवकों से लाखों रुपए वसूल चुका है. पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल डेटा और कॉल डिटेल खंगाल रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और शिकार बने लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. मामले में डीएसपी मुख्यालय उमाकांत चौधरी ने अपील की है कि जो भी व्यक्ति इस गिरोह का शिकार हुआ है, वह सामने आकर संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराए. फिलहाल सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे पूछताछ जारी है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस हनीट्रैप सिंडिकेट से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं.
