
सिंगरौली। जिला शिक्षा अधिकारी सिंगरौली द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक स्थानीय शुल्क के संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश में सभी विद्यालयों में शुल्क की एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए शुल्क का स्पष्ट विवरण दिया गया है।
डीईओ एसबी सिंह के द्वारा कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर जारी निर्देशों के अनुसार कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों से विज्ञान शुल्क 30 रुपये, क्रीड़ा शुल्क 120 रुपये, स्काउट/गाइड 30 रुपये, रेडक्रॉस 20 रुपये, क्रियाकलाप 20 रुपये, कैरियर एवं रोजगार 10 रुपये, त्रैमासिक परीक्षा शुल्क 100 रुपये, अर्धवार्षिक परीक्षा शुल्क 100 रुपये तथा वार्षिक व प्री-बोर्ड परीक्षा एवं पोर्टल शुल्क 150 रुपये लिया जाएगा। इस प्रकार कुल 580 रुपये प्रतिवर्ष निर्धारित किए गए हैं। डीईओ ने निर्देशित किया कि शुल्क जमा करने के तुरंत बाद रसीद देना अनिवार्य होगा तथा शुल्क विवरण विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया जाए। निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने या नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित प्राचार्य के विरुद्ध वित्तीय अनियमितता मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एससी-एसटी, संबल एवं दिव्यांग विद्यार्थियों को विशेष छूट
बताया गया है कि कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान शुल्क 50 रुपये, क्रीड़ा शुल्क 200 रुपये, स्काउट/गाइड 50 रुपये, रेडक्रॉस 20 रुपये, क्रियाकलाप 20 रुपये, कैरियर एवं रोजगार 10 रुपये, त्रैमासिक परीक्षा शुल्क 100 रुपये, अर्धवार्षिक परीक्षा शुल्क 100 रुपये तथा वार्षिक व प्री-बोर्ड परीक्षा एवं पोर्टल शुल्क 150 रुपये निर्धारित है। कुल मिलाकर 700 रुपये प्रतिवर्ष शुल्क लिया जाएगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबल योजना में पंजीकृत अभिभावकों के बच्चे तथा एससी-एसटी वर्ग के वे विद्यार्थी जो प्रथम अवसर में परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, उनसे केवल 25 रुपये पोर्टल शुल्क लिया जाएगा। वहीं दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों सीडब्ल्यूएसएन को पूर्णत: नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी और उनसे किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
