गंगा बैराज पर तेज रफ्तार XUV ने दो मजदूरों को रौंदा, एक की मौत

कानपुर। तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिन पहले थार की टक्कर से एलआइसी एजेंट की मौत के बाद अब गंगा बैराज क्षेत्र में तेज रफ्तार एक्सयूवी ने दो मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक मजदूर ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद एक बार फिर नाबालिगों के हाथों में वाहन सौंपने और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, गंगा बैराज क्षेत्र के मेघनपुरवा गांव के पास दो मजदूर साइकिल से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एक्सयूवी ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मजदूर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक मजदूर की मौत हो गई।

हादसे को लेकर चौंकाने वाला दावा सामने आया है कि एक्सयूवी की स्टेयरिंग एक नाबालिग के हाथ में थी। हालांकि, वाहन कौन चला रहा था और चालक की उम्र कितनी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी शहर में थार की टक्कर से एक एलआइसी एजेंट की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने तेज रफ्तार वाहनों और यातायात नियमों के पालन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर नाबालिगों को वाहन चलाने देने के मामलों में अभिभावकों की जिम्मेदारी और पुलिस की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।

 

 

Next Post

सीएम योगी अयोध्या दौरे पर, दिखायेंगे अयोध्या-जनकपुर सरयू कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी

Mon Nov 23 , 2026
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या दौरे पर रहेंगे। वह सुबह 11:15 बजे रामकथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11:45 बजे अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे, जहां अयोध्या-जनकपुर सरयू कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम से प्रधानमंत्री […]

You May Like