जबलपुर: सड़क दुर्घटनाओं में हो रही बढ़ोत्तरी और उससे होने वाली मृत्यु दर को कम करने साथ ही फ्लाईओवर पर दुर्घटनाओं का कारण बनी वाहन चालकों की लापरवाही को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक यातायात गढ़ा बैजनाथ प्रजापति एवं सूबेदार मनीष प्यासी द्वारा नवनिर्मित फ्लाईओवर का स्पॉट निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि अधिकतर दुर्घटनाएं वाहन चालकों की लापरवाही, तेज रफ्तार, गलत दिशा में यूटर्न लेने एवं ट्रैफिक संकेतकों की अनदेखी के कारण हो रही हैं। यातायात पुलिस द्वारा फ्लाईओवर पर समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
155 वाहन चालकों पर 68,600 का जुर्माना
शनिवार को थाना यातायात मालवीय चौक, घमापुर एवं गढ़ा थाना प्रभारी द्वारा टीम के साथ संयुक्त रूप से महाराजपुर, कैरब्ज तिराहा, धनवंतीनगर चौक एवं तीन पत्ती चौक सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान कुल 155 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 68,600 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। अभी तक इस अभियान में 560 बिना हेलमेट चलने वालों एवं 85 गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक भी किया गया।
