इंदौर: शहर में चोरों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अलग अलग इलाकों में एक के बाद एक सूने मकानों को निशाना बनाया जा रहा है. बीती रात तीन थाना क्षेत्रों में ताले तोड़कर बदमाश लाखों रुपए के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. लगातार हो रही वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है.तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम ने बताया कि थाना क्षेत्र के श्रद्धा सबुरी अपार्टमेंट (गंगा विहार, शिवधाम लिम्बोदी) में रहने वाले 23 वर्षीय रोहित सोनी ने पुलिस को बताया कि मेरे फ्लैट में अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला.
कोई अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़ डाला और चार सोने की अंगूठियां, एक चैन, हार, झुमकी, कान के टॉप्स, चांदी की पायल बिछिया और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. इसी तरह गांधी नगर थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि थाना क्षेत्र की कल्याण संपत विहार कॉलोनी में रहने वाले 28 वर्षीय शुभम लोधा ने बताया कि अज्ञात चोरों ने उनके मकान को निशाना बनाया. बदमाश मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे सोने चांदी के आभूषण व नकदी लेकर चंपत हो गए.
इसी तरह विजय नगर थाना क्षेत्र की स्कीम नंबर 54 में भी चोरी की वारदात सामने आई है. थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि यहां रहने वाली 34 वर्षीय कशिश जैन ने पुलिस को बाताय कि उनके मकान से चोर एसी का कॉपर पाइप, बिजली वायर, ड्रिल मशीन समेत अन्य सामान उड़ा ले गए. तीनों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी है.
