सुठालिया/ब्यावरा। ब्यावरा- सिरोंज मार्ग पर पारसाना चौराहे के यहां बीती रात्रि को तेज रफ्तार ट्रक ने सडक़ पर बैठी गायों को कुचल दिया. इस हादसे में 2 गायो की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक गाय गंभीर रुप से घायल हो गई.
जानकारी के अनुसार पारसाना चौराहा के यहां पर सडक़ पर बैठी गायों को तेज रफ्तार जा रहे ट्रक ने जोर की टक्कर मार दी. दुर्घटना में 2 गायों ने दम तोड़ दिया. वहीं एक गाय को गंभीर चोट आई. सुबह जैसे ही घटना की जानकारी लगी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे. गौ सेवकों द्वारा घायल गौवंश का उपचार किया गया. जबकि नपा के अमले द्वारा मृत गायों की देह को उठवाकर अंतिम संस्कार किया गया.
हाईवे पर रहता है गौवंश का जमघट
प्राय: हाईवे एवं स्टेट हाईवे तथा मुख्य मार्गो एवं चौराहों पर गौवंश के झुंड के झुंड देखे जा सकते है. ब्यावरा-सुठालिया मार्ग पर खंदी, धानियाखेड़ी, सुठालिया में छात्रावास के आगे श्याम खो रोड आदि स्थानों पर बड़ी संख्या में गौवंश देखे जा सकते है. इसी प्रकार नरसिंहगढ़ स्थित हाईवे पर कृषि मंडी के समीप, कुरावर मार्ग पर देवगढ़ के यहां काफी संख्या में गौवंश की उपस्थिति बनी रहती है. स्थानीय हाईवे के चौराहों, राजगढ़ रोड पर कई स्थानों पर गौवंश बैठे रहते है.
अंधेरे में नजर नहीं आते सडक़ पर बैठे गौवंश
दिन में वाहन चालकों को सडक़ पर बैठे गौवंश नजर आ जाते है किंतु शाम होते ही खतरा अधिक बड़ जाता है. अंधेरे में सडक़ पर बैठे गौवंश एकाएक नजर नहीं आने से आये दिन विशेषकर दुपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते है. कई दुपहिया वाहन चालक चोटिल तक हो गये है. वहीं वाहनों के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने का डर लगा रहता है.
नहीं मिला गौवंश को आश्रय
शासन प्रशासन द्वारा बेसहारा गौवंश को सुरक्षित तौर पर रखे जाने हेतु कई बार वादे किए गये किंतु आज भी हजारों की संख्या में बेसहारा गौवंश हाईवे, चौराहों, सडक़ो पर रहने को मजबूर है. आये दिन वाहनों की चपेट में आने से गौवंश दम तोड़ रहा है या फिर गंभीर चोट के कारण अपाहिज हो रहे है. बावजूद इसके गौवंश की सुध लेने वाला कोइ नहीं.
