इंदौर:शहर के भागीरथपुरा में दूषित जल से हुई मौतों के बाद भी नगर निगम की लापरवाही जारी है, जहां कई क्षेत्रों में अभी भी सीवरेज लाइन और चेंबर टूटे होने से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है. शिकायतों के बावजूद, वादों और आश्वासन के बीच लोग नारकीय स्थिति में जीने को मजबूर हैं.सीवरेज लाइन से जुड़ा हुआ मामला वार्ड क्रमांक 64 से भी सामने आया है. वार्ड के चितावद नगर में कई गलियां आज भी ऐसी हैं, जहां सीवरेज लाइन चौक होना आम बात है.
यह भी देखने में आया है कि कई जगह के सिविल लाइन के चैंबरों के ढक्कन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिसके चलते जब भी सीवरेज लाइन चौक होती है तो चैंबरों के क्षतिग्रस्त टूटे ढक्कनों से लगातार गंदगी सड़कों पर बहती रहती है, जिससे क्षेत्र में आने-जाने वालों को असुविधा होती है इसके अलावा दुर्गंध बनी रहने के साथ ही क्षेत्र में कई तरह की बीमारियां भी फैल रही हैं. बताया जाता है कि निगम कर्मियों द्वारा सही तरीके से सीवरेज लाइन की सफाई नहीं की जाती है, जिस कारण हर एक-दो दिन में चेंबर चौक हो जाते हैं. चैंबरों के क्षतिग्रस्त ढक्कन बदलने और बार-बार सीवरेज जाम होने की शिकायत कई बार की गई, लेकिन आज तक इस पर किसी भी तरह का अमल नहीं किया गया.
यह बोले रहवासी…
आए दिन सीवरेज लाइन चौक हो जाती हैं, टूटे ढक्कनों से घरों के सामने ही गंदगी सड़कों पर बहती रहती है. आने-जाने वाले राहगीरों के साथ ही छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है.
– रुक्मणि बाई
जिस दिन सीवरेज लाइन चौक होती है, बहुत ही बदबू आती है. दिन और रात में क्षेत्र में मच्छरों की तादात बढ़ जाती है. ऐसे में गंभीर बीमारियों के बढ़ने का खतरा होता है.
– सुनीता नागर
मुख्य सड़क की लाइन चौक होते ही गलियों में सीवरेज लाइन के चैंबरों से पानी बहने लगता है और घरों में रिटर्न होकर गंदा पानी आने लगता है, जब तक पूरी लाईन क्लियर नहीं होती, समस्या बनी रहती है.
– शिवनारायण
