
जबलपुर। हनुमानताल थाना अंतर्गत नूरानी गेट में घोड़े से दूर हटने की सलाह देने पर एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है जबकि चार आरोपी अब भी फरार है जिनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
विदित हो कि नयापुल मोतीनाला निवासी मोनू अपने साथियों सोहराब, बादशाह और अमन के साथ शादी-ब्याह में घोड़ा-बग्घी चलाने का काम करता था। शनिवार रात करीब 11 बजे नूरानी गेट के पास एक बारात में शामिल थे। इसी बीच घोड़े के पीछे खड़े जीशान को मोनू ने सुरक्षा के लिहाज से टोका कि पीछे मत खड़े हो, घोड़ा लात मार देगा। जीशान इस बात को लेकर आपा खो बैठा और देख लेने की धमकी देकर चला गया। जब मोनू और उसके साथी काम खत्म कर रात करीब 12:15 बजे घोड़ा वापस छोडऩे जा रहे थे तभी स्लाटर हाउस पास घात लगाए बैठें जीशान, शहबाज, गुलशेर, डी नौशाद, फरहान, याशीन, साकिर और तनवीर ने मोनू पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया था । बचाने आए सोहराब पर भी हमला किया । लहूलुहान हालत में 24 वर्षीय मोनू उर्फ मोहम्मद सादिल को विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया था जहां उसने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने सोहराब की शिकायत पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही जीशान, साकिर, तनवीर, शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है जिन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार फरहान, गुलेशर, डी नौशाद, याशीन की तलाश जारी है।
