
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विभिन्न प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन की आगामी रणनीति और कार्ययोजना पर चर्चा की।
बैठक में सज्जन सिंह वर्मा, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे तथा संगठन महासचिव डॉ संजय कामले सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने, उसके विस्तार और जमीनी स्तर पर गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। पटवारी ने कहा कि मजबूत संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है और सभी प्रकोष्ठों को जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को उठाना होगा।
उन्होंने पदाधिकारियों से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया। पटवारी ने संकेत दिया कि आने वाले समय में विभिन्न प्रकोष्ठ जनहित के मुद्दों पर अधिक सक्रिय भूमिका निभाएंगे और प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी।
इस अवसर पर डॉ कामले ने अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की और संगठन को मजबूत बनाने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।
