इंदौर:लसूड़िया थाना परिसर में थाना प्रभारी के नेतृत्व में क्षेत्रीय रहवासियों के साथ सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की. बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई.थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि बैठक के दौरान एयरबीएनबी के माध्यम से हो रहे आवास उपयोग की निगरानी, फायर सेफ्टी इंतजाम, सीसीटीवी कैमरों की अनिवार्यता, सुरक्षा गार्ड की तैनाती तथा किराएदारों एवं घरेलू नौकरों के अनिवार्य सत्यापन पर विशेष रूप से जोर दिया.
इसके अलावा क्षेत्र में बढ़ते नशे के मामलों को नियंत्रित करने के लिए सख्त कार्रवाई करने और जन जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा की गई. इस दौरान स्पष्ट किया कि नशा संबंधित गतिविधियों पर पुलिस की नजर बनी हुई है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी. बैठक में बीट प्रभारी एवं आरक्षकों के मोबाइल नंबरों का आदान प्रदान भी किया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें. इस दौरान रहवासियों से अपील की कि वे सुरक्षा के प्रति सजग रहें और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र को सुरक्षित एवं अपराध मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं.
