इंदौर: सड़क सुरक्षा को लेकर इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत शनिवार को राजवाड़ा क्षेत्र में हेलमेट पहनें-सुरक्षित रहें अभियान आयोजित किया. अभियान में उन वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए, जिनके वाहन दस्तावेज पूरे सही थे, लेकिन हेलमेट पहने नहीं थे.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह और पुलिस उपायुक्त यातायात जोन-4 आनंद कलादगी ने बताया कि यह अभियान पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में तथा अंकुर रिहैब सेंटर की सहभागिता से संचालित किया गया.
इस दौरान सेंटर की सीईओ रीमा राजावत और डायरेक्टर डॉ. अंकुर अग्रवाल सहित उनकी टीम ने ट्रैफिक प्रहरी बनकर नागरिकों को सड़क सुरक्षा के संदेशों की तख्तियां दिखाते हुए जागरूक किया. अभियान में हेलमेट लगाए वाहन चालकों की पुलिस अधिकारियों ने सराहना की. वहीं जिन चालकों के पास हेलमेट तो थे, पर उन्होंने पहना नहीं था, उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा और हेलमेट के महत्व की समझाइश दी.
जबकि जिन चालकों के पास वाहन के पेपर कंपलीट थे, लेकिन हेलमेट नहीं थे, उन्हें हेलमेट दिए गए. चालकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है. छोटे-छोटे नियमों का पालन कर हम बड़ी दुर्घटनाओं को टाल सकते हैं. साथ ही आमजन से अपील की कि वे वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.
