अनियंत्रित मालवाहक ने तीन ई-रिक्शों को मारी टक्कर

जबलपुर। कोतवाली थाना अंतर्गत दमोहनाका क्षेत्र में आज एक तेज गति से आ रहे बड़े मालवाहक वाहन ने मार्ग के किनारे खड़े तीन ई-रिक्शों को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय चालक समीप ही चाय की दुकान पर थे, हालांकि, इस भिड़ंत में अफरातफरी के साथ तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे चालकों को लगभग सवा लाख रुपये की आर्थिक हानि हुई है।

जानकारी अनुसार दमोहनाका जैन मंदिर के समीप रहने वाले चालक विजय अहिरवार (48) अपने साथी चालकों अंकित अहिरवार और विशाल अहिरवार के साथ आज सुबह सुक्कू चाय वाले की दुकान पर खड़े होकर चाय कीचुस्की ले रहे थे। तीनों ने अपने वाहन क्रमांक एमपी 20 जेड एक्स 2734, एमपी 20 जेड डी 5604 और एमपी 20 आर ए 0902 मार्ग के किनारे कतार में खड़े किए थे।

उसी समय बल्देवबाग की दिशा से आ रहे मालवाहक आईसर ट्रक क्रमांक यूपी 32 डब्ल्यू एन 4781 के चालक ने अत्यधिक तीव्र गति से वाहन चलाते हुए खड़े रिक्शों में पीछे से भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन आपस में टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

पीड़ित विजय अहिरवार के अनुसार, उनके वाहन में लगभग 60 हजार रुपये की क्षति हुई है। वहीं अंकित और विशाल के वाहनों में भी क्रमशः 20 हजार और 15-20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुँची। शिकायतकर्ता विजय अहिरवार की रिपोर्ट पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Next Post

स्वच्छता और जल संरक्षण ही समृद्ध समाज की नींव: मंत्री पटेल

Sun Mar 29 , 2026
बुधनी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ग्राम पंचायत जोशीपुर में गुंजरी नर्मदा संगम घाट पर जनभागीदारी के माध्यम से किए जा रहे स्वच्छता सेवा कार्य का निरीक्षण किया और नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया. इस अवसर पर मंत्री पटेल ने कहा […]

You May Like